
रिपोर्टर:विनीत मिश्रा
लोकेशन:अंबिकापुर, सरगुजा
सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर से बड़ी खबर सामने आई है, जहां मंगलवार तड़के अंबेडकर चौक में भीषण आगजनी की घटना हुई। इस आग में ऑटो, फर्नीचर और डेकोरेशन से जुड़ी आठ दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। आग से सवा करोड़ से डेढ़ करोड़ रुपये तक के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे एक फर्नीचर दुकान में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। दुकान में रखे प्लास्टिक और फोम के सामानों के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते ई-रिक्शा, मारुति इलेक्ट्रॉनिक्स सहित आसपास की अन्य दुकानों तक फैल गई।




सुबह करीब साढ़े चार बजे एक राहगीर ने दुकान संचालक राकेश अग्रवाल को फोन कर आग की सूचना दी। इसके बाद राकेश अग्रवाल ने तत्काल फायर ब्रिगेड, कंट्रोल रूम और डायल 112 को जानकारी दी। हालांकि, आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे की देरी कर गई।
करीब पौन घंटे बाद पहली फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। दूसरी गाड़ी पहुंची, लेकिन उसका सिस्टम काम नहीं कर रहा था। इसी दौरान आग पास की एक नाश्ते की दुकान तक जा पहुंची, जहां छोटे गैस सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया और दुकान पूरी तरह जल गई। आग दुकानों के पीछे स्थित फर्नीचर फैक्ट्री तक भी फैल गई।
स्थिति गंभीर होते देख दरिमा एयरपोर्ट की फायर ब्रिगेड टीम को बुलाया गया, जिसने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दुकान संचालक राकेश अग्रवाल का कहना है कि यदि फायर ब्रिगेड समय पर पहुंच जाती, तो नुकसान महज 20 प्रतिशत तक सीमित रहता, लेकिन देरी के कारण लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
फिलहाल गांधीनगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आग लगने का प्रारंभिक कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।







