
रिपोर्टर-दीपक वर्मा
लोकेशन-पत्थलगांव, जिला जशपुर
जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है। पुराने अस्पताल के सामने स्थित संदीप एजेंसी नामक किराना थोक दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज़ी से फैली कि दुकान में रखा पूरा थोक किराना सामान जलकर राख हो गया, जबकि आग की लपटें दूर-दूर तक दिखाई देती रहीं।



घटना की सूचना मिलते ही फायरब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। आग बुझाने के लिए जेसीबी मशीन की मदद से दुकान की पिछली दीवार तोड़ी गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर आग पर नियंत्रण पाया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, दमकल विभाग और स्थानीय व्यापारी मौके पर पहुंचे। आगजनी के चलते कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपये का किराना सामान जलकर नष्ट हो गया है, हालांकि नुकसान का अंतिम आकलन अभी किया जाना बाकी है। राहत की बात यह रही कि इस भीषण आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
मौके पर पहुंचे पत्थलगांव एसडीएम ऋतु राज सिंह बिसेन ने बताया कि पत्थलगांव की फायरब्रिगेड टीम ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया है। एहतियातन रायगढ़ और अंबिकापुर से भी फायरब्रिगेड की टीमों को बुलाया गया है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।






