पामगढ़ में मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग

लोकेशन: पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा
रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद उस वक्त हिंसक हो गया, जब गाली-गलौज के बीच गोली चल गई। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी और उसके सहयोगी को हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 10 बजे विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। दुकान संचालक हिमांशु श्रीवास द्वारा मना करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।



इसी दौरान हिमांशु श्रीवास के भाई गुलशन श्रीवास ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से पंकज कश्यप पर फायर कर दिया। गोली पंकज के जांघ में लगी, जिसके बाद उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया, जहां से उसे बिलासपुर रेफर कर दिया गया।

बताया जा रहा है कि मुख्य आरोपी गुलशन श्रीवास रिटायर्ड आर्मी सिग्नल कोर का हवलदार है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी और उसके सहयोगी भाई को हिरासत में ले लिया है और मामले में हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



