
रिपोर्टर: दीपक वर्मा / लोकेशन: जशपुर
जशपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाने और उसके साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर लिया है।



मामला जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र का है, जहां 16 वर्षीय नाबालिग बालिका के अचानक लापता होने के बाद परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बालिका सोशल मीडिया के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आई थी, जिसने उसे अपने प्रेमजाल में फंसा लिया।
आरोपी अविनाश कुमार साहनी, निवासी बिहार, ने नाबालिग को प्यार और शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा लिया और वहां ले जाकर उसका शोषण किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जशपुर पुलिस की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बिहार के सीतामढ़ी क्षेत्र में दबिश दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने नाबालिग को सुरक्षित बरामद करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस और पॉक्सो एक्ट के तहत गंभीर धाराएं दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




