बलरामपुर

गिनती में गलती, सजा में बर्बरता — दूसरी कक्षा के मासूम की आंख में उतरा खून, ग्रामीणों में आक्रोश

लोकेशन — बलरामपुर

संवाददाता — दयाशंकर यादव

बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत पलगी में स्थित प्राथमिक शाला जावाखाड़ी में एक मासूम छात्र से शिक्षक द्वारा अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। केवल गिनती में गलती करने पर दूसरी कक्षा के बच्चे पर इस कदर प्रहार किए गए कि उसकी आंख में खून उतर आया और पूरा चेहरा सूज गया। घटना सामने आते ही शिक्षा विभाग से लेकर पुलिस प्रशासन तक हरकत में आ गया है।

घटना कैसे हुई?

घटना शुक्रवार की बताई जा रही है। भोजन अवकाश के बाद कक्षा में आए शिक्षक उदय यादव ने 7 वर्षीय छात्र भागीरथी यादव को गिनती सुनाने के लिए कहा। जैसे ही बच्चे से गलती हुई, शिक्षक ने उसके गालों पर थप्पड़ों की बरसात कर दी। बच्चा दर्द और डर से सिर झुकाने लगा तो शिक्षक और ज्यादा आक्रोशित हो गए और लगातार पिटाई करते रहे।

पिटाई इतनी गंभीर थी कि बच्चे की आंख में खून उतर आया और चेहरा लाल होकर सूज गया।

परिजन का आरोप: “शिक्षक था नशे में”

पीड़ित बच्चे के पिता धनंजय यादव ने गंभीर आरोप लगाया है कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं। घटना वाले दिन भी वे शराब के नशे में थे। घायल बच्चे ने घर पहुंचते ही रोते-रोते पूरी घटना परिजनों को बताई, जिसके बाद परिजन त्रिकुंडा थाना पहुंचे और शिक्षक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

शिक्षा विभाग व पुलिस सक्रिय

घटना की जानकारी मिलते ही शिक्षा विभाग तुरंत हरकत में आ गया।विकासखंड शिक्षा अधिकारी विजय कुशवाहा ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से घटना की जानकारी मिली है और मामले की जांच शुरू करवा दी गई है।जिला शिक्षा अधिकारी मनीराम यादव ने आश्वासन दिया है कि दोषी शिक्षक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी।त्रिकुंडा थाना प्रभारी जवाहर तिर्की ने बताया कि शिकायत प्राप्त कर ली गई है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद क्षेत्र में ग्रामीणों का आक्रोश बढ़ गया है। लोगों ने आरोपी शिक्षक की बर्खास्तगी और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस और शिक्षा विभाग मिलकर पूरे मामले की जांच में जुटे हुए हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button