जांजगीर-चांपा

मनरेगा बचाओ संग्राम: कांग्रेस का कलेक्टर कार्यालय घेराव आज

ब्यूरो रिपोर्ट
जांजगीर-चांपा


जांजगीर-चांपा में आज कांग्रेस का बड़ा शक्ति प्रदर्शन होने जा रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा चलाए जा रहे ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत जिला कांग्रेस कमेटी आज कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी। यह प्रदर्शन केंद्र सरकार की नीतियों और मनरेगा में किए जा रहे कथित बदलावों के विरोध में किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता के अनुसार, दोपहर 1 बजे कांग्रेसजन जांजगीर-चांपा रोड स्थित मदनलाल के बंद पेट्रोल पंप के पास एकत्र होंगे, जहां से रैली के रूप में कलेक्टर कार्यालय तक मार्च किया जाएगा।

कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि केंद्र सरकार द्वारा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) का नाम बदलकर “विकसित भारत गारंटी आजीविका मिशन ग्रामीण” किया जा रहा है, जो योजना की मूल भावना के खिलाफ है। साथ ही राज्य सरकार पर 40 प्रतिशत हिस्सेदारी डालने और कार्य चयन के अधिकार में बदलाव से ग्रामीण मजदूरों को नुकसान पहुंचने की बात कही जा रही है।

कांग्रेस का कहना है कि मनरेगा गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए रोजगार की गारंटी रही है, लेकिन इसे कमजोर करने से ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और पलायन बढ़ सकता है। पार्टी नेताओं ने महात्मा गांधी के नाम को हटाने को उनके ग्राम स्वराज और रामराज्य की अवधारणा के विरुद्ध बताया है।
इस कार्यक्रम में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष चरणदास महंत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, विजय जांगिड़ सहित जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल, विधायक ब्यास कश्यप, राघवेंद्र कुमार सिंह, श्रीमती शेषराज हरवंश, बालेश्वर साहू और प्रदेश कांग्रेस के समन्वयक विजय केशरवानी के शामिल होने की जानकारी है।
इसके अलावा कांग्रेस के अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी, पार्षद, जनपद व जिला पंचायत सदस्य, पंच-सरपंच, वरिष्ठ कांग्रेसजन और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता प्रदर्शन में शामिल होंगे।
कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासन ने भी सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button