
REPORTER दुर्गा सिंह यादव
LOCATION सूरजपुर (भैयाथान ब्लॉक)
आपको बता दें कि सूरजपुर जिले के भैयाथान ब्लॉक में आज कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा बचाव अभियान के तहत जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव की मौजूदगी में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर लगभग 10 किलोमीटर का पैदल मार्च निकाला।
हजारों की संख्या में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा, जो राज्यपाल के नाम था।



सभा को संबोधित करते हुए पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा का स्वरूप बदलने से गरीबों को अब काम नहीं मिल पाएगा, और इस योजना को धीरे-धीरे बंद करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था को पूरी तरह लचर बताते हुए सरकार को कटघरे में खड़ा किया। साथ ही समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को लेकर भी सरकार की नाकामी गिनाई। कांग्रेस का आरोप है कि प्रदेश सरकार धान खरीदी का लक्ष्य पूरा नहीं कर पाई है, जिसके कारण जिले में 15 हजार से अधिक किसान प्रभावित हुए हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने आंदोलन को और मजबूती दी।
कार्यक्रम के समापन के बाद भैयाथान ब्लॉक अध्यक्ष के निवास स्थान से कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल रायपुर के लिए प्रस्थान कर गया।







