प्लॉटिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी! 20 से ज्यादा लोग बने शिकार, आरोपी फरार—पीड़ितों ने SP से लगाई गुहार

राजनांदगांव, 22 नवंबर
जिले में जमीन और प्लॉट एग्रीमेंट के नाम पर बड़ा धोखाधड़ी मामला सामने आया है। 20 से अधिक पीड़ित शुक्रवार को सामूहिक रूप से पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और विस्तृत शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पीड़ितों ने बताया कि आरोपी कई वर्षों से लोगों को अच्छी लोकेशन की जमीन दिखाकर एग्रीमेंट करवा रहा था। हर बार यह आश्वासन दिया जाता था कि कुछ महीनों में रजिस्ट्री कर दी जाएगी, लेकिन समय बीतने के बाद भी रजिस्ट्री नहीं हुई। उल्टा, आरोपी बार-बार नया एग्रीमेंट करवा कर पुराने एग्रीमेंट को रद्द बताता रहा।
इस तरह लगातार टालमटोल करते हुए आरोपी ने लोगों से लाखों रुपए ऐंठ लिए। किसी ने 6 लाख, किसी ने 2.5 लाख तो किसी ने 2 लाख रुपए तक आरोपी को दिए, लेकिन न तो जमीन मिली और न रजिस्ट्री। कई पीड़ितों ने कर्ज लेकर रकम चुकाई थी, जो अब मानसिक और आर्थिक संकट में हैं।


पीड़ितों का यह भी आरोप है कि जब उन्होंने रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया, तो आरोपी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया और अब कई दिनों से उसका मोबाइल भी बंद है। पीड़ितों के मुताबिक आरोपी लंबे समय से इसी तरह लोगों को निशाना बना रहा था और करीब 20 से ज्यादा लोगों को चूना लगा चुका है।
शुक्रवार को सभी पीड़ित एकसाथ SP अंकिता शर्मा के कार्यालय पहुँचे और लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज करने, धोखाधड़ी-आपराधिक षड्यंत्र में केस बनाने और खोई हुई रकम वापस कराने की मांग की।
एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाने को तत्काल जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
यह घटना जिले में जमीन और प्रॉपर्टी से जुड़ी ठगी के बढ़ते मामलों को उजागर करती है। पीड़ितों ने अपील की है कि अगर किसी और व्यक्ति ने भी इसी आरोपी से प्लॉट लिया हो, तो वह आगे आए और शिकायत दर्ज कराए ताकि मिलकर आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की जा सके।




