कांग्रेस नेता के गेस्ट हाउस में घुसकर हाथापाई, दर्जनभर से अधिक लोगों ने किया हमला, एक आरोपी गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक गेस्ट हाउस के संचालक और कांग्रेस नेता पर दर्जनभर से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। पीड़ित कांग्रेस नेता अंकुर प्रताप सिंह ने आरोप लगाया है कि रीवा (मध्यप्रदेश) निवासी अरुण मिश्रा अपने 15–20 साथियों के साथ तीन-चार वाहनों में सवार होकर गेस्ट हाउस पहुंचा और जबरन अंदर घुसने की कोशिश की।
विरोध करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि इस दौरान लूटपाट भी की गई। अचानक हुए इस हमले से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए गेस्ट हाउस में हड़कंप मचा रहा।
घटना की सूचना मिलते ही जनकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




