सांसद चिन्तामणी महाराज ने ली प्रशासन की समीक्षा बैठक, पीडब्ल्यूडी पर सख्त रुख

लोकेशन:— सूरजपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर:— सुरेन्द्र साहू
सरगुजा सांसद चिन्तामणी महाराज ने आज सूरजपुर जिले के जनपद पंचायत रामानुज नगर में सामान्य प्रशासन की समीक्षा बैठक ली।
इस बैठक में लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के दौरान भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से जुड़ी कई गंभीर शिकायतें सांसद के सामने रखीं।
शिकायतों में मुख्य रूप से सड़क और भवन निर्माण कार्यों की धीमी गति, घटिया गुणवत्ता और समय-सीमा के उल्लंघन का मुद्दा उठाया गया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सांसद चिन्तामणी महाराज ने पीडब्ल्यूडी के एसडीओ को कड़ी फटकार लगाई।
उन्होंने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य तय समय-सीमा में और गुणवत्ता के मानकों के अनुरूप पूरे किए जाएं।
सांसद ने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने अधिकारियों को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने, नियमित रूप से फील्ड निरीक्षण करने और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में सांसद चिन्तामणी महाराज ने यह भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की सतत निगरानी की जाएगी और यदि कहीं भी लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।




