शिवरीनारायण में नारी शक्ति स्वच्छता दौड़, महिलाओं ने दिया स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त शहर का संदेश

रिपोर्टर: दीपक यादव /लोकेशन: जांजगीर-चांपा
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले के पवित्र नगरी शिवरीनारायण में महिलाओं ने स्वच्छता को लेकर अनोखी पहल की। यहां “नारी शक्ति स्वच्छता दौड़” का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर शहर को स्वच्छ और प्लास्टिक मुक्त बनाने का संदेश दिया।


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शिवरीनारायण में नारी शक्ति स्वच्छता दौड़ का आयोजन किया गया। इस दौड़ में स्व सहायता समूह की महिलाएं, छात्राएं और स्वच्छता सखियां बड़ी संख्या में शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर पंचायत परिसर से हुई, जहां से स्वच्छता दौड़ नटराज चौक, बॉम्बे मार्केट और थाना चौक होते हुए मध्यनगरी चौक तक निकाली गई। इस दौरान महिलाओं और अधिकारियों ने रास्ते में पड़े कचरे को उठाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।



कार्यक्रम में कलेक्टर जन्मेजय महोबे, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी भी मौजूद रहे। इस मौके पर स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, स्वच्छता सखियों और प्लास्टिक मुक्त पहल करने वाले दुकानदारों का सम्मान भी किया गया।
नगर पंचायत द्वारा स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर 9340236903 भी जारी किया गया है, जिस पर नागरिक कचरा उठाव या गंदगी से संबंधित शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
स्वच्छता दौड़ के माध्यम से महिलाओं ने यह संदेश दिया कि स्वच्छ शहर और स्वच्छ वातावरण के लिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है।







