महिला कमांडो टीम के साथ नवागढ़ पुलिस की नशा मुक्ति रैली, अवैध शराब के खिलाफ सख्त संदेश

रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
लोकेशन – जांजगीर-चांपा | नवागढ़ | ग्राम कटौद
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब और नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में नवागढ़ थाना पुलिस ने महिला कमांडो टीम के साथ मिलकर ग्राम कटौद में नशा मुक्ति रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब निर्माण और बिक्री पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। आज नवागढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश सेंडे के नेतृत्व में निकाली गई इस रैली के माध्यम से ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि नशा न केवल स्वास्थ्य के लिए घातक है, बल्कि सामाजिक अपराधों को भी जन्म देता है।
रैली के बाद पुलिस टीम ने ग्राम कटौद एवं आसपास के क्षेत्रों में अवैध शराब निर्माण के संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान शराब बनाने में उपयोग किए जा रहे चुल्हे, महुआ पास और अन्य सामग्री बरामद कर मौके पर ही नष्ट की गई।
जांजगीर-चांपा पुलिस ने साफ किया है कि जिले में अवैध शराब, नशा कारोबार और सामाजिक अपराधों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगा।




