राज्यपाल से नीलम सोनार की मुलाकात, जांजगीर-चांपा के विकास मुद्दों को मिली प्राथमिकता

लोकेशन:जांजगीर-चांपा
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित राजभवन में आज जांजगीर-चांपा जिले के सक्रिय भाजपा नेता एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नीलम सोनार ने राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को छत्तीसगढ़ के बजट के लिए स्वीकृति मिलने पर शुभकामनाएं दीं और जिले के विकास से जुड़े विभिन्न जनहित मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। मुलाकात के दौरान नीलम सोनार ने जांजगीर-चांपा में नवोदय विद्यालय की स्थापना की मांग रखी, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।

साथ ही अकलतरा से उड़ीसा के रेंगरपाली तक प्रस्तावित फोरलेन सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाया गया। उन्होंने पिछले वर्ष राज्यपाल के जिला प्रवास के दौरान चांपा स्थित हैंडलूम कॉलेज के आवश्यक कार्यों के लिए दी गई स्वीकृति पर आभार भी व्यक्त किया। इसके अलावा नीलम सोनार ने राज्यपाल को पुनः जांजगीर-चांपा जिले के दौरे के लिए आमंत्रित करते हुए शिवरीनारायण में आदिशिवाय फाउंडेशन द्वारा प्रस्तावित माता शबरी के भव्य मंदिर एवं आदिशिव की मूर्ति स्थापना के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया, जिसे राज्यपाल ने सहर्ष स्वीकार कर लिया। इस मुलाकात को जिले के समग्र विकास की दिशा में एक सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।





