अंधविश्वास के चलते पड़ोसी महिला ने की हत्या, पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर/कुसमी
रिपोर्टर: दयाशंकर यादव
बलरामपुर जिले के थाना कुसमी क्षेत्र के ग्राम घुटराडीह में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। टोनही या जादूटोना के शक के चलते एक अधेड़ महिला की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, मृतका चंद्रकली (45 वर्ष) अपने घर की बाड़ी में काम कर रही थी, तभी गांव की ही पड़ोसी महिला ने उस पर जादू-टोना करने का संदेह जताते हुए कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में चंद्रकली की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही थाना कुसमी पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला अपराध क्रमांक 103/25, धारा 103(1) बीएनएस के तहत दर्ज किया। आरोपी महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने जुर्म कबूल किया। आरोपी ने बताया कि उसके छह बच्चों में से चार की मौत हो चुकी है और उसने चंद्रकली पर बच्चों को नुकसान पहुंचाने का संदेह जताया।
पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। थाना कुसमी पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




