भ्रष्टाचार मामलों से घिरे नेतन्याहू ने राष्ट्रपति से मांगी राहत; ट्रम्प ने दी खुली चेतावनी– “दोषी ठहराया तो चुप नहीं रहेंगे

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने खिलाफ चल रहे गंभीर भ्रष्टाचार मामलों में राष्ट्रपति इसाक हर्जोग से औपचारिक माफी की अपील की है। उनके वकील अमित हादद ने इसके लिए 111 पन्नों का विस्तृत आवेदन राष्ट्रपति कार्यालय में जमा किया।
इजराइल के कानून के मुताबिक राष्ट्रपति जनहित में अभियुक्तों को, आवश्यकता होने पर कानूनी प्रक्रिया पूरी होने से पहले भी, माफी दे सकते हैं।
नेतन्याहू को बचाव में उतरे ट्रम्प, कहा— “ये न्याय नहीं, राजनीतिक साजिश है”
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प भी नेतन्याहू के समर्थन में खड़े नजर आ रहे हैं। उन्होंने पिछले सप्ताह राष्ट्रपति हर्जोग को पत्र लिखकर माफी देने की मांग की।
ट्रम्प ने पहले भी सोशल मीडिया पर चेतावनी देते हुए कहा था कि यदि नेतन्याहू को भ्रष्टाचार मामलों में सजा होती है, तो “अमेरिका इसे बर्दाश्त नहीं करेगा।”
उनके अनुसार, नेतन्याहू ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ निर्णायक भूमिका निभाई है और वर्तमान मुकदमे “पूरी तरह राजनीतिक बदले की कार्रवाई” हैं।
नेतन्याहू के खिलाफ तीन बड़े केस—जानिए क्या हैं आरोप
- केस 1000 – महंगे गिफ्ट का मामला
हॉलीवुड प्रोड्यूसर अर्नोन मिलचन और अरबपति जेम्स पैकर से लक्ज़री गिफ्ट लेने का आरोप।
गिफ्ट में करोड़ों के सिगार, शैंपेन और ज्वेलरी शामिल।
आरोप है कि बदले में राजनीतिक फायदे दिए गए।
- केस 2000 – मीडिया डील की कोशिश
अखबार येडियोट अहरोनोत के साथ अपने पक्ष में कवरेज पाने की कथित डील।
सौदे में प्रतिद्वंद्वी अखबार इजरायल हायोम को कमजोर करने का प्रस्ताव शामिल था।
- केस 4000 – बीजेक टेलिकॉम से लाभ लेने का आरोप
नेतन्याहू पर टेलिकॉम कंपनी बीजेक को नीतिगत लाभ देने का आरोप।
बदले में मालिक शाउल एलोविच के न्यूज पोर्टल वल्ला पर सकारात्मक खबरें छपवाने का आरोप।
नेतन्याहू इन सभी आरोपों को राजनीति प्रेरित बताते हैं। इस मामले में अंतिम फैसला 2026 से पहले आने की संभावना कम है।
कानून के अनुसार, जब तक सुप्रीम कोर्ट उन्हें दोषी नहीं ठहराता, वे पीएम पद पर बने रह सकते हैं।
ICC में भी चल रहा मामला, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छवि को लगा झटका
भ्रष्टाचार मामलों के अलावा, अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) ने गाजा युद्ध के दौरान युद्ध अपराध और मानवता के खिलाफ अपराध के आरोपों पर भी नेतन्याहू के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।
इससे अंतरराष्ट्रीय मंच पर उनकी छवि को और नुकसान पहुंचा है।




