महादेव ऐप की तर्ज पर सट्टे का नया सिंडिकेट बेनकाब: 40+ ऑनलाइन गेम्स से चल रहा था नेटवर्क, रायपुर में कार के भीतर दांव लगवाते 6 आरोपी गिरफ्तार

रायपुर | 3 फरवरी
टी-20 वर्ल्ड कप से पहले छत्तीसगढ़ में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए रायपुर क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने महादेव ऐप की तर्ज पर चल रहे नए सट्टा सिंडिकेट का खुलासा किया है। पुलिस ने ‘jmdbet777.com’ और ‘Classic777.com’ नाम की ऑनलाइन बुक के जरिए सट्टा खिलाने वाले 6 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
कार के अंदर बैठकर चल रहा था सट्टा नेटवर्क
31 जनवरी को ACCU को सूचना मिली थी कि गंज थाना क्षेत्र के नागोराव गली अंडरब्रिज के पास कुछ लोग चारपहिया वाहनों में बैठकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी और तीन अलग-अलग कारों से 6 आरोपियों को पकड़ा।
95 लाख रुपए का कैश और सामान जब्त
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने
₹37.50 लाख नकद
10 मोबाइल फोन
3 लग्जरी कारें
जब्त की हैं। जब्त कैश और सामान की कुल कीमत करीब ₹95 लाख आंकी गई है।
40 से ज्यादा गेम्स पर लगवाया जा रहा था दांव
जांच में सामने आया कि आरोपी jmdbet777.com और Classic777.com प्लेटफॉर्म के जरिए सट्टा चला रहे थे, जिनमें
क्रिकेट
कार्ड गेम्स
कैसिनो आधारित गेम्स सहित
40 से अधिक ऑनलाइन गेम्स उपलब्ध थे।
गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
दुर्ग निवासी रखब देव पाहुजा
रायपुर निवासी पीयूष जैन, जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, कमल राघवानी, सचिन जैन
बिलासपुर निवासी दीपक अग्रवाल
शामिल हैं।
सिंडिकेट की पूरी चेन उजागर
जांच में खुलासा हुआ कि—
रवि सोनकर, नितिन मोटवानी और नागपुर निवासी अंकित आईडी उपलब्ध कराते थे
रखब देव पाहुजा और पीयूष जैन मास्टर आईडी होल्डर थे
बाकी आरोपी लोकल लेवल पर आईडी डिस्ट्रीब्यूशन और सट्टा संचालन कर रहे थे
तीन आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
करोड़ों के ट्रांजैक्शन, IT जांच होगी
डीसीपी स्मृतिक राजनाला के मुताबिक, आरोपियों के बैंक खातों में करोड़ों रुपए के ट्रांजैक्शन मिले हैं। मामले में आईटी अधिकारियों को भी जांच में शामिल किया जाएगा। म्यूल अकाउंट्स के जरिए रकम के लेन-देन की भी जांच की जा रही है




