New BJP President: नितिन नबीन बने भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, पार्टी ने किया औपचारिक ऐलान

भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को पार्टी का नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। जेपी नड्डा के बाद अब संगठन की अहम जिम्मेदारी नितिन नबीन संभालेंगे।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव की ओर से जारी आधिकारिक पत्र में कहा गया है कि पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करने का निर्णय लिया है। इस फैसले के साथ ही पार्टी के संगठनात्मक ढांचे में नई ऊर्जा और दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
पीएम मोदी ने दी बधाई, जताया भरोसा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नबीन को नई जिम्मेदारी मिलने पर हार्दिक बधाई दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि नितिन नबीन ने खुद को भाजपा के एक मेहनती और समर्पित कार्यकर्ता के रूप में स्थापित किया है। वे एक युवा, कर्मठ और संगठनात्मक अनुभव के धनी नेता हैं, जिनका बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में प्रभावशाली रिकॉर्ड रहा है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि उनकी ऊर्जा और प्रतिबद्धता पार्टी को आने वाले समय में और मजबूत करेगी।
राजनाथ सिंह ने भी दी शुभकामनाएं
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार की धरती से आने वाले नितिन नबीन एक ऊर्जावान, कर्मठ और संगठनात्मक क्षमता से भरपूर नेता हैं, जिनका अनुभव पार्टी के लिए बेहद उपयोगी साबित होगा।
नितिन नबीन की नियुक्ति को भाजपा के संगठन को और सशक्त करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।




