एसआईआर के नाम पर नया साइबर स्कैम: डीआईजी–एसएसपी सूरजपुर ने नागरिकों को ओटीपी धोखाधड़ी से किया आगाह

लोकेशन – सूरजपुर, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – सुरेन्द्र साहू
मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत जिले में कार्य तेजी से चल रहा है, लेकिन इसी बीच साइबर ठगों ने इसे ठगी का नया हथियार बना लिया है। एसआईआर प्रक्रिया की आड़ में नागरिकों को फोन कर ओटीपी मांगकर साइबर फ्रॉड किए जाने की आशंका के बीच, डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आम जनता को महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है।
डीआईजी ठाकुर ने बताया कि कुछ साइबर अपराधी मतदाताओं को कॉल कर यह कह रहे हैं कि “एसआईआर से जुड़े आपके मोबाइल पर ओटीपी आया होगा, कृपया वह ओटीपी हमें बता दें।” यह कॉल पूरी तरह फर्जी हैं और इनका उद्देश्य मोबाइल नंबर का दुरुपयोग कर डिजिटल फ्रॉड को अंजाम देना है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि —
“एसआईआर फॉर्म भरने के लिए किसी ओटीपी की जरूरत नहीं होती। न बीएलओ, न कोई कर्मचारी और न ही कोई अधिकारी आपसे ओटीपी मांगेगा।”
डीआईजी ने नागरिकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति ओटीपी की मांग करे, दबाव डाले या धमकी दे, तो तुरंत उसे मना करें और पास के पुलिस थाने में सूचना दें।
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि एसआईआर फॉर्म में मोबाइल नंबर देना पूरी तरह सुरक्षित है, लेकिन साइबर ठग इसी बहाने लोगों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
अधिकारी ने कहा कि क्षेत्र में साइबर अपराधियों द्वारा नया स्कैम फैलाया जा रहा है, जिसमें कॉल के जरिये ओटीपी हासिल कर बैंकिंग एप्स, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल अकाउंट्स पर धोखाधड़ी की जा सकती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की—
“किसी भी अनजान व्यक्ति को अपना वन टाइम पासवर्ड (ओटीपी) न दें। सतर्क रहें और साइबर ठगी से बचें।”
पुलिस प्रशासन ने लोगों से जागरूकता फैलाने और ऐसी किसी भी संदिग्ध कॉल की तुरंत शिकायत दर्ज कराने की अपील की है।




