जशपुर में अवैध धान तस्करी का नया फंडा, बाइक से यूपी-एमपी के युवक रोज पहुँचा रहे 300 किलो धान

संपादक – दीपक वर्मा – जशपुर
जशपुर जिले के फरसाबहार क्षेत्र में अवैध धान परिवहन का एक नया और खतरनाक नेटवर्क तेजी से खड़ा हो गया है। पुलिस–प्रशासन की सख्ती के बाद तस्करों ने तरीका बदलते हुए अब बाइक सवार युवकों की टीम के जरिए झारखंड से धान लाना शुरू कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के 8–10 युवक रोजाना करीब 300 किलो धान जशपुर जिले में पहुँचा रहे हैं। ये युवक प्लास्टिक के टब बेचने का बहाना बनाकर क्षेत्र में घूमते हैं। पहले ये टब की नगद बिक्री करते थे, लेकिन बिचौलियों के संपर्क में आने के बाद अब छोटे टब के बदले 10 किलो धान, बड़े टब के बदले 15 किलो धान लेना शुरू कर चुके हैं।


जशपुर कलेक्टर रोहित व्यास ने बताया कि जशपुर जिला झारखंड और ओडिशा से घिरा होने के कारण बिचौलियों की सक्रियता बढ़ी है।जबकि अवैध धान तस्करी रोकने के लिए 21 चेकपोस्ट बनाए गए हैं। वहीं अब तक 3,000 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया जा चुका है। पुलिस और प्रशासन लगातार धर- पकड़ में जुटा है और बिचौलियों के मंसूबों पर पानी फेरा जा रहा है।




