जांजगीर-चांपा

NH-49 अमरताल में बड़ा हादसा, लापरवाही से ओवरटेक करने पर ट्रक और हाईवा घरों में घुसे, भीषण आग लगी

रिपोर्टर मयंक
स्थान अमरताल जांजगीर

अमरताल क्षेत्र के NH-49 पर देर रात करीब 12:30 बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सीमेंट से भरे ट्रक और एक हाईवा के बीच ओवरटेक करने की होड़ में नियंत्रण बिगड़ गया, जिससे दोनों वाहन सड़क किनारे स्थित रिहायशी घरों में जा घुसे। हादसे में सीमेंट से भरा ट्रक एक घर की बाउंड्री से टकराकर पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई, जबकि दूसरा हाईवा पास के एक अन्य घर में घुस गया, जिससे घर की दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पीड़ित परिवार ने बताया कि तेज आवाज सुनकर जब वे घर से बाहर निकले तो देखा कि ट्रक से आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठ रही थीं और वाहन धू-धू कर जल रहा था। घटना के समय घर के अंदर मौजूद लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर जान बचाई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी भी नागरिक के हताहत होने की सूचना नहीं है।

प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही NH-49 पर भारी वाहनों के चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित ड्राइविंग के प्रति समझाइश देने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button