देवरहा में एनएसएस विशेष शिविर का शुभारंभ, छात्रों ने समाजसेवा के संकल्प के साथ शुरू किया सात दिवसीय कार्यक्रम

चांपा
शासकीय एम.एम.आर.पी.जी. कॉलेज चांपा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ रविवार, 23 नवंबर 2025 को ग्राम देवरहा, ग्राम पंचायत उदयबंद (विकासखंड बलौदा) में किया गया। यह शिविर न सिर्फ कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए एक प्रशिक्षण मंच है, बल्कि ग्रामीणों और युवाओं के लिए जागरूकता एवं सामाजिक भागीदारी का अवसर भी प्रदान करेगा।
शिविर का उद्घाटन सरपंच पीयूषकांत कैवर्त, उपसरपंच लक्ष्मीप्रसाद यादव, जनपद सदस्य छबीलाल साहू तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्राध्यापक डॉ. बी.आर. महिपाल द्वारा किया गया।
कार्यक्रम अधिकारी डॉ. डी.एन. बंजारे ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना छात्रों के व्यक्तित्व विकास का सबसे प्रभावी माध्यम है, जो उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बनने की राह दिखाती है।
उन्होंने बताया कि सात दिनों तक विद्यार्थी गांव में स्वच्छता, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा प्रचार और सामाजिक कार्यों से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम संचालित करेंगे।
अध्यक्षीय उद्बोधन देते हुए डॉ. महिपाल ने ग्रामीणों द्वारा मिले सहयोग के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि “एनएसएस की सोच ही समाज से सीखना और समाज के लिए काम करना है। शिविर से विद्यार्थी practical learning के साथ सामाजिक वास्तविकताओं से जुड़ते हैं।”
उद्घाटन समारोह में उपसरपंच लक्ष्मीप्रसाद यादव ने कहा,
“हमारे ग्राम में एनएसएस का विशेष शिविर आयोजित होना सौभाग्य की बात है। इससे ग्रामीणों में नई सोच, जागरूकता और सहयोग की भावना बढ़ेगी।”
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधान पाठक टी.के. यादव, शिक्षक कोमल वैष्णव, महाविद्यालय स्टाफ सागर पटेल, देवलाल बरेठ सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
विद्यार्थियों में करण, मनभावन बंजारे, लखन सिंह, झेलेंद्र साहू, राकेश जांगड़े, भरत धीवर, जयकिशन, प्रशांत बरेठ, देवनारायण केवट, रानी कुमारी, रंजीता सोनवानी, रागिनी भार्गव, भामिनी साहू, वैशाली पटेल, श्रद्धा कौशिक, द्रविण यादव, जयप्रकाश सिदार आदि ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर में ग्रामीणों की भी भारी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शुरुआत उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायी बन गई।
सात दिनों तक चलने वाले इस शिविर में विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक और सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।




