ओडिशा कनेक्शन से गांजा तस्करी का खुलासा, मास्टरमाइंड गिरफ्तार

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा / लोकेशन: जांजगीर-चांपा (अकलतरा)
जांजगीर-चांपा पुलिस को गांजा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क को तोड़ने में सफलता मिली है। End to End विवेचना के तहत कार्रवाई करते हुए अकलतरा पुलिस ने इस मामले के मास्टरमाइंड आदतन आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ओडिशा से गांजा मंगवाकर स्थानीय स्तर पर खपाता था, और चौंकाने वाली बात ये है कि इसमें नाबालिगों का भी इस्तेमाल किया जा रहा था।


मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रेलवे स्टेशन के पास दो युवक गांजा लेकर खड़े हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके पर दबिश दी और आरोपियों के कब्जे से करीब 5 किलो 280 ग्राम गांजा बरामद किया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख 58 हजार रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में सामने आया कि गांजा ओडिशा से लाया जा रहा था। इसके बाद पुलिस ने End to End विवेचना के तहत ओडिशा के हिमगिर तक कार्रवाई बढ़ाई और वहां से आरोपी शाहिद खान उर्फ गुलाप खान को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
इसी कड़ी में मुख्य आरोपी भास्कर राठौर, निवासी सारागांव को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से अतिरिक्त 120 ग्राम गांजा और 1050 रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, भास्कर राठौर एक आदतन अपराधी है और पहले भी गांजा व अन्य मामलों में जेल जा चुका है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 20(B) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।




