न्यू ईयर पर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, प्रेमी और भाई के साथ मिलकर किया कत्ल; तीनों गिरफ्तार

संभल जिले में पुलिस ने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। हाथरस निवासी युवक सनी (22) की हत्या उसकी पत्नी नेहा गौतम ने अपने प्रेमी रंजीत और छोटे भाई अरुण के साथ मिलकर कराई थी। पुलिस के मुताबिक 2 जनवरी को जुनावई थाना क्षेत्र के दुबारी खुर्द–पूरन पट्टी रोड के पास जंगल में एक युवक का शव मिला था। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई।
जांच के दौरान मृतक की पहचान सनी के रूप में हुई। शुरुआती पूछताछ में पत्नी नेहा पर शक गहराया, जिसके बाद पुलिस ने उसके प्रेमी रंजीत और भाई अरुण को भी हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ में तीनों ने हत्या की साजिश कबूल कर ली।
पुलिस के अनुसार नेहा का रंजीत से चार साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था और पति सनी इसका विरोध करता था। एक जनवरी को साजिश के तहत सनी को संभल बुलाया गया, शराब पिलाने के बाद उसकी पिटाई कर रस्सी से गला घोंट दिया गया। शव जलाने की कोशिश नाकाम रहने पर आरोपियों ने लाश जंगल में फेंक दी। तीनों को कोर्ट में पेश कर दिया गया है।




