डेढ़ साल के मासूम की बेरहमी से हत्या, पिता ही बना कातिल – पामगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई

रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा / लोकेशन: जांजगीर-चांपा (पामगढ़)
जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पिता ने घरेलू विवाद के चलते अपने ही डेढ़ साल के मासूम बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला 25 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे का है, जब आरोपी शिवाजी निषाद अपने डेढ़ वर्षीय बेटे अनुराग को गोद में लेकर एक खंडहर मकान की ओर जा रहा था। पीछे-पीछे गई परिजनों ने देखा कि वह ईंट के टुकड़े से बच्चे के सिर पर बार-बार वार कर रहा था।
बीच-बचाव करने पहुंची सीता बाई निषाद पर भी आरोपी ने हमला कर दिया। किसी तरह मासूम को बचाकर घर लाया गया, लेकिन इलाज के लिए ले जाते समय रास्ते में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर पामगढ़ पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) और 115(2) के तहत कार्रवाई की गई है।




