जशपुर

ऑपरेशन मुस्कान ने फिर दिखाई ताकत, जशपुर पुलिस ने लौटाई दो परिवारों की खुशियाँ

दीपक वर्मा – जशपुर

लोकेशन – जशपुर

04/01/2026

जशपुर पुलिस का ऑपरेशन मुस्कान एक बार फिर सफल रहा है। पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से दो गुम नाबालिग बालिकाओं को सुरक्षित दस्तयाब किया है। एक मामले में जहाँ बालिका को ढूंढकर परिजनों को सौंपा गया, वहीं दूसरे मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पहले मामले में सिटी कोतवाली जशपुर में 17 वर्षीय नाबालिग बालिका कम्प्यूटर क्लास जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस को सूचना मिली कि बालिका दोकड़ा क्षेत्र में अपनी सहेली के पास है। टीम ने मौके पर पहुँचकर बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह घर वालों से नाराज होकर चली गई थी।

वहीं दूसरे मामले में थाना नारायणपुर क्षेत्र में 14 वर्ष 08 माह की नाबालिग बालिका को आरोपी लक्ष्मण राम ने शादी का झांसा देकर बहला-फुसलाकर भगा लिया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बालिका को आरोपी के कब्जे से बरामद किया। पूछताछ में दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं सहित पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

एसएसपी शशि मोहन सिंह का सख्त निर्देश है कि “जशपुर पुलिस गुम बच्चों के मामलों को लेकर पूरी तरह संवेदनशील है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा।”

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button