सक्ती जिले में धान खरीदी तेज़ी पर—अब तक 27,590.60 मीट्रिक टन धान खरीदा गया, आज 1,602 टोकन कटे

रिपोर्टर – दीपक यादव
लोकेशन – सक्ती, छत्तीसगढ़
सक्ति जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर 15 नवंबर से शुरू हुआ महाअभियान लगातार प्रगति पर है। जिले के 112 सक्रिय धान उपार्जन केंद्रों के माध्यम से अब तक कुल 27,590.60 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है।
धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए जिले में कुल 125 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए आज दिनांक 08 दिसंबर 2025 को कुल 1,602 टोकन जारी किए गए, जिनमें 7,921.488 मीट्रिक टन धान खरीदी का लक्ष्य निर्धारित है।
शाम 5 बजे तक जिले में 4,695.44 मीट्रिक टन धान की खरीदी पूरी की जा चुकी है। प्रशासन का कहना है कि जरूरत पड़ने पर केंद्रों की क्षमता और टोकन संख्या बढ़ाकर किसानों को और अधिक सुविधा दी जाएगी।
राज्य सरकार ने स्पष्ट किया है कि नकद व लिंकिंग दोनों व्यवस्था के तहत किसानों से धान खरीदी 31 जनवरी 2026 तक की जाएगी। सक्ती जिले में खरीदी प्रक्रिया बिना बाधा और पारदर्शिता के साथ जारी है, जिससे किसान भी संतुष्ट दिखाई दे रहे हैं।




