सक्ती जिले में धान खरीदी का शुभारंभ, किसान गेंदराम साहू बने पहले विक्रेता

प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का महापर्व आज से आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है। 15 नवंबर से प्रारंभ हुए इस खरीदी अभियान को लेकर किसानों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सक्ती जिले में भी धान खरीदी की शुरुआत सकारात्मक माहौल के साथ हुई, जहां देवरघटा धान उपार्जन केंद्र में किसान गेंदराम साहू ने धान बेचकर जिले के पहले विक्रेता किसान बनने का सम्मान प्राप्त किया।
खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए देवरघटा उपार्जन केंद्र में आज धान खरीदी की औपचारिक शुरुआत की गई। इस अवसर पर जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो स्वयं केंद्र पहुंचे और किसान गेंदराम साहू का माला पहनाकर स्वागत किया। उनके हाथों से जिले में धान खरीदी अभियान का विधिवत शुभारंभ हुआ।
किसान गेंदराम साहू ने बताया कि धान बेचने की प्रक्रिया पूरी तरह सुगम रही। केंद्र में तौल, नमी जांच और अन्य औपचारिकताएं निर्धारित मानकों के अनुरूप सहज तरीके से पूरी की गईं। उन्होंने कहा कि ‘तुहार टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए समय पर टोकन मिल जाने से उन्हें किसी प्रकार की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ी। किसान साहू को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपये प्रति क्विंटल प्राप्त होगा, जिसे लेकर वे काफी संतुष्ट और प्रसन्न नजर आए। उन्होंने धान खरीदी दर बढ़ाने के निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह कदम किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत करेगा।
प्रशासन की तैयारी
जिला प्रशासन ने बताया कि धान खरीदी अभियान 31 जनवरी 2026 तक चलेगा। सभी धान उपार्जन केंद्रों में व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जा रही है, ताकि खरीदी प्रक्रिया पारदर्शी, सुचारू और किसान हितैषी बनी रहे। प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और टोकन के अनुसार ही धान लेकर केंद्र आएं, जिससे किसी भी प्रकार की भीड़ या असुविधा न हो।




