धान खरीदी ठप, किसानों का सड़क पर उतरना: जशपुर में बगीचा–बतौली स्टेट हाईवे एक घंटे तक जाम

लोकेशन: जशपुर जिले का बगीचा
जशपुर जिले के बगीचा अनुविभाग में धान खरीदी नहीं होने से नाराज किसानों ने बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। बीमडा धान मंडी में समय पर धान की खरीदी और टोकन नहीं काटे जाने से आक्रोशित सैकड़ों किसानों ने बगीचा–बतौली स्टेट हाईवे को जाम कर दिया।
किसानों का आरोप है कि मंडी प्रबंधन द्वारा कभी टोकन न होने तो कभी धान में नमी होने का हवाला देकर खरीदी से इंकार किया जा रहा है, जबकि किसान कई दिनों से अपनी फसल लेकर मंडी के चक्कर काट रहे हैं। मजबूरी में किसानों को धान से भरी बोरियों के साथ सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करना पड़ा।
सड़क जाम के कारण यात्री बसों समेत अन्य भारी और हल्के वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम जनता को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे तक हाईवे पूरी तरह बाधित रहा।



मामले की जानकारी मिलते ही बगीचा के SDM और तहसीलदार मौके पर पहुंचे और आक्रोशित किसानों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने किसानों को आश्वासन दिया कि खरीदी प्रक्रिया में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और पात्र किसानों की धान खरीदी सुनिश्चित की जाएगी।
फिलहाल प्रशासनिक आश्वासन के बाद किसानों ने धीरे-धीरे सड़क जाम हटाया, लेकिन किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही धान खरीदी सुचारू रूप से शुरू नहीं हुई, तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे।
पूरा मामला बगीचा अनुविभाग के बीमडा धान मंडी से जुड़ा हुआ है, जहां अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों में भारी नाराजगी देखी जा रही है |




