सर्दियों का सुपरफूड मूंगफली: सेहत के लिए वरदान, दिमाग और दिल दोनों को फायदा

सर्दियों में चाय के साथ खाई जाने वाली मूंगफली सिर्फ स्वाद नहीं, बल्कि सेहत का खजाना भी है। हालिया शोध में सामने आया है कि मूंगफली दिमाग, दिल और इम्यूनिटी के लिए बेहद फायदेमंद है।
नीदरलैंड्स के मास्ट्रिख्त यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर की एक स्टडी के मुताबिक, रोजाना मूंगफली खाने से दिमाग की ब्लड वेसल्स बेहतर तरीके से काम करती हैं और याददाश्त में सुधार होता है। यह शोध क्लिनिकल न्यूट्रिशन जर्नल में प्रकाशित हुआ है। अध्ययन में 60 से 75 वर्ष की उम्र के 31 स्वस्थ लोगों को 16 हफ्तों तक रोजाना 60 ग्राम मूंगफली दी गई।
रिसर्च में यह भी पाया गया कि मूंगफली खाने से दिल की सेहत पर सकारात्मक असर पड़ता है। प्रतिभागियों का सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर औसतन 5 mmHg तक कम हुआ, जबकि पल्स प्रेशर में करीब 4 mmHg की गिरावट दर्ज की गई।
पोषक तत्वों से भरपूर मूंगफली प्रोटीन, फाइबर और हेल्दी फैट का अच्छा स्रोत है, जो वजन नियंत्रण में भी मददगार हो सकती है। हालांकि, नट्स से एलर्जी वाले लोगों को इसका सेवन सावधानी से करना चाहिए।
विशेषज्ञों के अनुसार, सीमित मात्रा में नियमित मूंगफली का सेवन सर्दियों में सेहत को मजबूत बनाए रखने में कारगर साबित हो सकता है।




