अंतर्राष्ट्रीय

PM मोदी–जॉर्डन के शाह अब्दुल्ला द्वितीय की अहम मुलाकात, व्यापार-सुरक्षा सहयोग बढ़ाने पर सहमति

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जॉर्डन की राजधानी अम्मान में महामहिम शाह अब्दुल्ला द्वितीय से मुलाकात की। अल हुसैनिया पैलेस पहुंचने पर शाह अब्दुल्ला द्वितीय ने प्रधानमंत्री का औपचारिक और गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं के बीच सीमित और शिष्टमंडल स्तर की वार्ता हुई।

बैठक में भारत-जॉर्डन के 75 वर्षों के कूटनीतिक संबंधों को ऐतिहासिक बताते हुए आपसी सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया गया। शाह अब्दुल्ला ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के संघर्ष का समर्थन किया, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ वैश्विक लड़ाई में जॉर्डन की भूमिका की सराहना की।

वार्ता में व्यापार, रक्षा, नवीकरणीय ऊर्जा, उर्वरक, आईटी, डिजिटल टेक्नोलॉजी, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और संस्कृति जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। प्रधानमंत्री ने अगले 5 वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब डॉलर तक ले जाने का प्रस्ताव रखा और जॉर्डन के डिजिटल पेमेंट सिस्टम को भारत के UPI से जोड़ने का सुझाव दिया।

इस अवसर पर संस्कृति, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर और पेट्रा-एलोरा ट्विनिंग सहित कई समझौता ज्ञापनों को अंतिम रूप दिया गया। बातचीत के बाद शाह अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री के सम्मान में रात्रिभोज दिया और भारत आने का निमंत्रण स्वीकार किया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button