अवैध रेत परिवहन पर पुलिस का प्रहार, बम्हनीडीह में दो हाइवा वाहन जप्त

लोकेशन : बम्हनीडीह, जांजगीर-चांपा
संवाददाता : शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बम्हनीडीह पुलिस ने ग्राम खपरीडीह रेत घाट क्षेत्र में दबिश देकर अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए दो हाइवा वाहनों को मौके पर ही जप्त किया है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए दोनों हाइवा वाहन बिना वैध अनुमति के रेत परिवहन में लगे हुए थे। इस मामले में संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के विरुद्ध गौण खनिज अधिनियम एवं अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत इस्तगाशा तैयार कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।


पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी बम्हनीडीह कृष्णपाल सिंह की अहम भूमिका रही।




