
दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – जशपुर/लोदाम
झारखंड से छत्तीसगढ़ धान तस्करी पर पुलिस का वार, लोदाम में 26 क्विंटल अवैध धान जब्त”
छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के बीच धान तस्करों पर जशपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है।
लोदाम थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारखंड से अवैध रूप से लाए जा रहे 26 क्विंटल धान को जब्त किया है, साथ ही धान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वाहन को भी पुलिस ने पकड़ लिया है।


दरअसल, लोदाम पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि झारखंड से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश की जा रही है।
मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने रूपसेरा – पतराटोली मार्ग पर नाकेबंदी कर एक टाटा सूमो पिकअप को रोका। वहीं तलाशी में वाहन से 65 बोरी, कुल 26 क्विंटल अवैध धान बरामद किया गया।

पिकअप चालक ने अपना नाम सचिन गोप, निवासी चैनपुर, जिला गुमला झारखंड बताया, साथ ही धान से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने पर पुलिस ने धान और वाहन को जब्त कर जिला प्रशासन को सौंप दिया।
इस मामले में एस एस पी शशि मोहन सिंह जशपुर का सख्त निर्देश है कि
“सरहदी राज्यों से अवैध धान लाकर खपाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है, आगे और भी सख्ती बरती जाएगी।”
गौरतलब है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर जशपुर पुलिस अब तक 1700 क्विंटल से अधिक अवैध धान पकड़ चुकी है। धान तस्करों पर यह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




