जांजगीर-चांपा में अवैध महुआ शराब पर पुलिस का शिकंजा, तीन थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ कार्रवाई

लोकेशन – जांजगीर-चांपा
रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
जांजगीर-चांपा जिले में अवैध महुआ शराब के कारोबार पर पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय आई.पी.एस. के निर्देशन में जिले के कोटमीसोनार, बलौदा और नवागढ़ थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए तीन अलग-अलग आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 32 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 6 हजार 400 रुपये बताई जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस के मुताबिक, कोटमीसोनार पुलिस सहायता केंद्र की टीम ने आरोपी किशन दास वैष्णव के कब्जे से 12 लीटर अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की। वहीं बलौदा थाना पुलिस ने आरोपी मनोबोध धनुवार के पास से 10 लीटर और नवागढ़ थाना पुलिस ने आरोपी रथराम यादव के कब्जे से 10 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की।
गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


गिरफ्तार आरोपियों में
किशन दास वैष्णव उम्र 32 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 11 पाराघाट थाना मस्तुरी जिला बिलासपुर,
रथराम यादव उम्र 55 वर्ष, निवासी तेंदुआ थाना नवागढ़,
और मनोबोध धनुवार उम्र 35 वर्ष, निवासी अचानकपुर थाना बलौदा शामिल हैं।
इस पूरी कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा थाना प्रभारी अकलतरा, सहायक उप निरीक्षक राजेंद्र क्षत्रिय पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार, निरीक्षक कमलेश सेंडे थाना प्रभारी नवागढ़ एवं निरीक्षक मनोहर सिन्हा थाना प्रभारी बलौदा की अहम भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती लगातार जारी रहेगी और इस तरह की गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।



