वर्ल्ड कप क्रिकेट में ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 2 आरोपी गिरफ्तार

लोकेशन – जांजगीर–चांपा, छत्तीसगढ़
रिपोर्टर – शुभांशु मिश्रा
जांजगीर–चांपा जिले में वर्ल्ड कप क्रिकेट के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना और चौकी नैला पुलिस की संयुक्त रेड कार्रवाई में दो आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 23 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और दो एटीएम कार्ड बरामद किए हैं। जप्त मोबाइल फोन की जांच में वर्ल्ड कप क्रिकेट से जुड़ी दो ऑनलाइन सट्टा आईडी सामने आई हैं, जिनमें लाखों रुपये के लेनदेन का खुलासा हुआ है।
गिरफ्तार आरोपियों में पहला नाम सुमीत सिंह ठाकुर, उम्र 25 वर्ष, निवासी नैला दर्रीपारा और दूसरा नाम प्रतीक मिश्रा, उम्र 30 वर्ष, निवासी तिफरा काली मंदिर के पीछे वार्ड नंबर 12, बिलासपुर बताया गया है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर–चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में 15 फरवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि नैला दर्रीपारा क्षेत्र में कुछ युवक मोबाइल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा आईडी बेच रहे हैं।
सूचना पर साइबर थाना और चौकी नैला पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर मौके से दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी पुलिस को गुमराह करने का प्रयास करते रहे, लेकिन मोबाइल की जांच में व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से लोगों से ऑनलाइन रकम लेकर सट्टा खिलाने के सबूत मिले हैं। मामले में अन्य संलिप्त लोगों की भी जांच की जा रही है।
फिलहाल आरोपियों के खिलाफ धारा 07 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत विधिवत कार्रवाई जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में क्रिकेट सट्टा खेलने और खिलाने वालों के विरुद्ध आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।




