13 लाख की लूट या साज़िश? बालाछापर में ट्रक ड्राइवर की शिकायत पर पुलिस को मिले कई संदेह

लोकेशन – जशपुर
रिपोर्टर – दीपक वर्मा
दिनांक – 02/12/2025
एंकर – जशपुर जिले से बड़ी और संदेहों से घिरी खबर सामने आई है। एक ट्रक ड्राइवर ने 13 लाख रुपए की लूट की शिकायत पुलिस से की है, लेकिन उसके बयान पर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं। मामला जशपुर के बालाछापर इलाके का है, जहां ड्राइवर ने चार अज्ञात बदमाशों द्वारा गंभीर मारपीट कर लाखों रुपए लूटने की बात कही है।
पैकेज –
जानकारी के मुताबिक ट्रक चालक रांची में माल खाली कर जशपुर लौट रहा था। रास्ते में उसने आलू लोड किया और सुबह करीब 6 बजे लघुशंका के लिए ट्रक रोका। ड्राइवर के मुताबिक, उसी दौरान एक चारपहिया वाहन से उतरे चार अज्ञात लोगों ने उस पर हमला किया। हाथ-पैर बांधने, डंडे और पत्थर से मारपीट करने के बाद आरोपी 13 लाख रुपए और मोबाइल लूटकर फरार हो गए।


मोबाइल फोन कुछ दूरी पर डोडकचौरा ढाबा के पास फेंका हुआ मिला। लेकिन जब पुलिस मौके पर पहुँची और ड्राइवर से पूछताछ की, तो उसके बयान में कई विरोधाभास सामने आए।
– ड्राइवर के हाथ-पैर बांधने के कोई निशान नहीं
– मारपीट का कोई मेडिकल सबूत नहीं
– उसके कपड़ों पर गिरने या घसीटे जाने के कोई प्रमाण नहीं मिले
इन संदेहों के बाद पुलिस पूरे केस को लूट और संभावित फर्जी रिपोर्ट—दोनों एंगल से जांच रही है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि साइबर टीम एक्टिव कर दी गई है, रूट के सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं और कुछ टीमें झारखंड की तरफ भी भेजी गई हैं। उन्होंने कहा कि—
“लूट के हर एंगल पर प्रोफेशनल तरीके से जांच की जा रही है। घटना सत्य होने पर आरोपी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे और यदि शिकायत में गड़बड़ी मिली तो उसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी।”




