जांजगीर-चांपा

हाई टेंशन लाइन निर्माण में बाधा डालने वालों पर पुलिस सख्त, 13 लोगों पर कोतवाली पुलिस की प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

लोकेशन: जांजगीर-चांपा
रिपोर्टर: शुभांशु मिश्रा
दिनांक: 06 जनवरी 2026

जांजगीर-चांपा जिले में हाई टेंशन विद्युत लाइन के निर्माण कार्य में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। बिलासपुर–रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित ग्राम शुकली एवं नवापारा क्षेत्र में 132 केवी हाई टेंशन पावर लाइन का नया निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसका कुछ स्थानीय लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा था।
निर्माण स्थल पर विवाद की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों को शांतिपूर्वक समझाइश दी। इसी दौरान कुछ महिला एवं पुरुषों द्वारा अनावश्यक विवाद उत्पन्न कर कार्य में बाधा डाली गई। स्थिति को नियंत्रित करते हुए पुलिस टीम द्वारा कुल 13 लोगों को थाना कोतवाली लाया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय के निर्देश पर सभी अनावेदकों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। थाना लाकर सभी को परियोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई तथा जमीन मालिकों को भी निर्माण कार्य की प्रक्रिया और आवश्यकताओं से अवगत कराया गया।

समझाइश के बाद सभी अनावेदकों ने भविष्य में निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं डालने पर सहमति व्यक्त की। इसके पश्चात सभी के विरुद्ध इस्तगाशा तैयार कर तहसीलदार महोदय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई के दौरान एसडीएम जांजगीर श्री सुब्रत प्रधान, सीएसपी कोतवाली श्रीमती योगिता खापरडे, तहसीलदार श्री बी.आर. मंडावी, नायब तहसीलदार श्रीमती वर्षा अग्रवाल सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय विकास कार्यों में अनावश्यक बाधा डालने वालों के विरुद्ध आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button