बगबुडा में सड़क बनने से पहले टूटी! घटिया निर्माण ने खोली सिस्टम की पोल

₹9 लाख की सड़क में दरारें, जवाबदेही से बच रहे अधिकारी
कोरबा
विकास के नाम पर करोड़ों के वादे और लाखों के खर्च — लेकिन नतीजा टूटी सड़कें और टूटता भरोसा!
कोरबा ब्लॉक के बगबुडा गांव में ₹9 लाख की लागत से बन रही 358 मीटर सीसी सड़क अभी अधूरी ही है, लेकिन दरारें आने लगी हैं। सड़क की सतह उखड़ने लगी है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीण बोले – “सड़क की नींव तक मजबूत नहीं”
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सड़क का निर्माण बिना किसी इंजीनियरिंग मानक और निगरानी के किया जा रहा है। नींव में मिट्टी ठीक से नहीं भरी गई, और घटिया सामग्री का खुलेआम इस्तेमाल हुआ है।
₹9 लाख की योजना, कोई जवाबदेह नहीं
यह सड़क विधायक मद से स्वीकृत योजना के तहत बनाई जा रही है।
कार्य की जिम्मेदारी जनपद सदस्य किशन कोसले और ग्राम सरपंच को सौंपी गई है। लेकिन जब सड़क में दरारें दिखीं, तो दोनों ने जवाबदेही से किनारा कर लिया।
सवालों के घेरे में सिस्टम
यह मामला अब जनता बनाम सिस्टम का बन गया है।
सड़क गांव में बन रही है, लेकिन जवाब किसी के पास नहीं!
ठेकेदारों की मनमानी, प्रशासन की चुप्पी और जिम्मेदारों की लापरवाही ने विकास कार्यों की सच्चाई उजागर कर दी है।
ग्रामीणों की मांग – हो तकनीकी जांच और कार्रवाई
ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की तकनीकी जांच की मांग की है और कहा है कि अगर अब जांच नहीं हुई, तो कुछ महीनों में सड़क पूरी तरह नष्ट हो जाएगी।
लोगों ने प्रशासन से ठेकेदार, जनपद सदस्य, सरपंच और निगरानी इंजीनियर पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




