एनएच-43 में घटिया निर्माण की खुली पोल : दो दिन पहले बनी सड़क उखड़ी, भाजपा नेताओं ने कराया जेसीबी से खोदाई

दीपक वर्मा – जशपुर
लोकेशन – जशपुर/पत्थलगांव
जशपुर जिले के पत्थलगांव शहर में एनएच-43 सड़क की दो दिन पहले पेंच रिपेयरिंग कर बनाई गई नई सड़क उखड़ जाने के बाद राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। सड़क निर्माण में भारी लापरवाही और भ्रष्टाचार को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया।
सत्ताधारी दल से जुड़े नेताओं ने आगे बढ़कर सड़क निर्माण में उपयोग की गई निम्न गुणवत्ता की सामग्री और पूरी निर्माण प्रक्रिया पर सवाल खड़े किए। मौके पर मौजूद अधिकारी की निगरानी में घटिया सड़क को जेसीबी से उखड़वाया गया।
भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष अंकित बंसल ने कहा कि यह प्रदेश सरकार की राशि और जनधन का खुला दुरुपयोग है, जिसे किसी भी परिस्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लगातार बढ़ते जनदबाव और आक्रोश के बीच एनएच विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान सड़क निर्माण में निम्न गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग पाया गया। ठेकेदार का काम प्रारंभिक स्तर पर ही गुणवत्ता मानकों के विपरीत मिला, जिसके बाद अधिकारियों ने भी कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता मानी।


जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं की मांग पर प्रशासनिक मौजूदगी में जेसीबी बुलाकर सड़क को वहीं पर उखाड़ दिया गया, ताकि दोबारा निर्माण गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप कराया जा सके।
स्थानीय लोगों ने इस कदम की सराहना करते हुए कहा कि सत्ता में रहते हुए भी गलत कार्यों का विरोध करना लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। इससे जनता में विश्वास बढ़ा है कि घटिया निर्माण को किसी भी हालत में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा।
यह पूरा मामला शासन-प्रशासन को साफ संदेश देता है कि लापरवाही और भ्रष्टाचार के लिए अब स्थान नहीं बचेगा। जनता अब जागरूक है और हर निर्माण कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ चाहती है।
एनएच विभाग के एसडीओ उग्रसेन नायक ने बताया कि ठेकेदार द्वारा निम्न गुणवत्ता का निर्माण किया गया, जिसे जेसीबी की मदद से हटाया जा रहा है और जल्द ही सड़क का नया डामरीकरण किया जाएगा।




