सब्जी बनाने के विवाद में गर्भवती महिला की हत्या, फरार पति गिरफ्तार

रिपोर्टर:- दीपक वर्मा
लोकेशन:- जशपुर
जशपुर जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली घरेलू विवाद ने एक गर्भवती महिला की जान ले ली। सब्जी बनाने को लेकर हुए झगड़े में पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी दो साल की मासूम बच्ची को लेकर फरार हो गया था, जिसे जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला थाना नारायणपुर क्षेत्र के ग्राम ढोठीपहरी, कुरूम ढोढा का है। आरोपी स्वदेश उर्फ सुदेश राम कोरवा ने सब्जी पकाने को लेकर हुए विवाद में अपनी छह माह की गर्भवती पत्नी कमला विश्वकर्मा की लकड़ी के डंडे से बेरहमी से पिटाई कर दी। सिर पर गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।


घटना के बाद आरोपी अपनी दो साल की बेटी को लेकर फरार हो गया था। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने आरोपी को उसके गृह ग्राम ढोढ़ीबहार, चौकी दोकड़ा से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा भी जब्त किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
घरेलू विवाद में गर्भवती महिला की हत्या की इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।




