तेज रफ्तार ट्रेलर घर में घुसा, गर्भवती महिला की दर्दनाक मौत

रिपोर्टर- अमन सोनी
लोकेशन – कोरबा जिला
कोरबा जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है।
मुड़ापार बाजार पारा गांव में शनिवार शाम एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर सीधे एक घर में घुस गया। इस हादसे में आंगन में काम कर रही गर्भवती महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
यह हादसा शनिवार शाम करीब 4 बजे का है।
बलौदा की ओर से तेज रफ्तार में आ रहा ट्रेलर (सीजी 10 बीपी 5301) अचानक अनियंत्रित हुआ और सड़क किनारे बने भोलाराम सूर्यवंशी के घर में जा घुसा। ट्रेलर दीवार तोड़ते हुए सीधे आंगन तक पहुंच गया।
हादसे के समय आंगन में बर्तन धो रही गर्भवती महिला शशि बाई सूर्यवंशी (25 वर्ष) ट्रेलर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद बच्चे चीख-पुकार सुनकर भाग निकले, जिससे उनकी जान बच गई।


मृतका के ससुर भोलाराम सूर्यवंशी ने बताया कि वे खाना खाने के बाद कमरे में आराम कर रहे थे, तभी जोरदार आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो ट्रेलर घर के अंदर घुसा हुआ था।
हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभालते हुए जाम खुलवाया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।




