राजनीति

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी, विपक्ष के तेवर सख्त—सूत्र

नई दिल्ली | 9 फरवरी 2026
बजट सत्र के दौरान लगातार हो रहे हंगामे के बीच अब लोकसभा स्पीकर ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारी शुरू हो गई है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल इस मुद्दे पर एकजुट हो रहे हैं और जल्द ही लोकसभा महासचिव को औपचारिक नोटिस सौंपा जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार, आज लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर विपक्षी नेताओं की बैठक हुई, जिसमें स्पीकर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने पर चर्चा हुई। विपक्ष का आरोप है कि सदन की कार्यवाही के दौरान स्पीकर सत्ता पक्ष को प्राथमिकता देते हैं, जबकि विपक्षी सांसदों को बोलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया जाता।
बजट सत्र की शुरुआत से ही लोकसभा में भारी हंगामा देखने को मिला है। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा के दौरान भी कार्यवाही बार-बार बाधित हुई। हालात ऐसे बने कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना जवाबी भाषण बीच में ही रोकना पड़ा। विपक्षी सांसदों के हंगामे के चलते सदन कई बार स्थगित करना पड़ा।
इस दौरान सदन की कार्यवाही में बाधा डालने के आरोप में विपक्ष के 8 सांसदों को निलंबित भी किया गया, जिसे लेकर विपक्ष और ज्यादा आक्रामक हो गया है। विपक्ष राहुल गांधी को लोकसभा में बोलने देने और निलंबित सांसदों की सदस्यता बहाल करने की मांग कर रहा है।
सूत्रों का कहना है कि इन सभी मुद्दों को लेकर विपक्ष स्पीकर ओम बिरला पर निष्पक्षता न बरतने का आरोप लगा रहा है। इसी के चलते अब अविश्वास प्रस्ताव लाने की रणनीति पर तेजी से काम किया जा रहा है। आने वाले दिनों में यह मामला संसद की राजनीति में बड़ा मोड़ ले सकता है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button