रायपुर

रायपुर: कोपरा जलाशय को रामसर स्थल का दर्जा मिलने की तैयारी

राज्य वेटलैंड प्राधिकरण ने केंद्र को भेजा प्रस्ताव

रायपुर, 21 नवम्बर 2025। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित कोपरा जलाशय को अंतरराष्ट्रीय महत्व के वेटलैंड यानी रामसर स्थल का दर्जा दिलाने के लिए राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर राज्य वेटलैंड प्राधिकरण ने इसका प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज दिया है।

कोपरा जलाशय क्षेत्र की जल आपूर्ति, सिंचाई और जैव विविधता का प्रमुख आधार है। जलाशय वर्षा जल और आसपास के नालों से भरता है, जो ग्रामीणों की पेयजल जरूरतों और किसानों की फसलों के लिए महत्वपूर्ण स्रोत है। इसके आसपास की भूमि अत्यंत उपजाऊ मानी जाती है, जिससे कृषि गतिविधियाँ बड़े पैमाने पर इसी पर निर्भर हैं।

यह क्षेत्र पक्षियों, जलचर जीवों और वनस्पतियों का सुरक्षित आवास है। रिवर टर्न, कॉमन पोचार्ड और इजिप्शियन वल्चर जैसे दुर्लभ पक्षी यहाँ पाये जाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कोपरा जलाशय रामसर मानदंड 02, 03 और 05 को पूरा करता है, जो इसे उत्कृष्ट वेटलैंड इकोसिस्टम बनाता है।

प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर जलाशय को अंतरराष्ट्रीय संरक्षण मिलेगा, साथ ही वैज्ञानिक अध्ययन, पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। सरकार इस क्षेत्र में जल संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और ग्रामीण आजीविका से संबंधित योजनाओं को भी मजबूत करने की तैयारी में है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button