एबीवीपी प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियां शुरू, 19 से 21 दिसंबर तक होगा आयोजन

दुर्ग
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का प्रांतीय अधिवेशन आगामी 19 से 21 दिसंबर तक दुर्ग के कला मंदिर में आयोजित किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को लेकर विधिवत भूमिपूजन संपन्न हुआ, जिसके साथ ही अधिवेशन की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया है। भूमिपूजन कार्यक्रम में एबीवीपी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आयोजन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
18 दिसंबर को भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन
आयोजकों के अनुसार अधिवेशन से एक दिन पहले, 18 दिसंबर को एक भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन किया जाएगा। प्रदर्शनी में एबीवीपी की विचारधारा, संगठनात्मक यात्रा, छात्र हितों से जुड़े आंदोलन और सामाजिक गतिविधियों को दर्शाया जाएगा। यह प्रदर्शनी विद्यार्थियों और आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
डिप्टी सीएम अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि
प्रांतीय अधिवेशन में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजकों ने बताया कि अरुण साव एबीवीपी के स्थायी सदस्य भी हैं, ऐसे में उनकी उपस्थिति कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत होगी। अधिवेशन के दौरान संगठन की भविष्य की दिशा और छात्र समाज की भूमिका पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
आयोजन समिति ने बताया कि यह अधिवेशन संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं।




