दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप चैंपियंस से मिले प्रधानमंत्री मोदी, कहा– आपकी जीत पूरे देश की प्रेरणा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय दृष्टिबाधित महिला टी20 विश्व कप विजेता टीम से मुलाकात कर उनके जज़्बे, संघर्ष और राष्ट्रगौरव बढ़ाने वाली उपलब्धियों की सराहना की। 7, लोक कल्याण मार्ग पर हुई इस मुलाकात में पीएम मोदी ने खिलाड़ियों को “भारत के युवाओं की ताकत और लचीलेपन का प्रतीक” बताया।


प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों के संघर्षों को सलाम करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों को पार कर जो खिलाड़ी आगे बढ़ते हैं, वे न सिर्फ मैदान में बल्कि जीवन में भी कभी असफल नहीं होते। उन्होंने कहा कि टीम की जीत आत्मविश्वास, संकल्प और कड़ी मेहनत का परिणाम है, जो देशभर के युवा खिलाड़ियों को प्रेरणा देती है।
बैठक के दौरान खिलाड़ियों ने सामाजिक चुनौतियों, पारिवारिक कठिनाइयों और पूर्वाग्रहों से लड़कर सफलता पाने की अपनी कहानियाँ साझा कीं। एक खिलाड़ी ने भावुक होकर बताया कि प्रधानमंत्री से मिलना उनके दिवंगत पिता के सपने को पूरा करने जैसा है।


पीएम मोदी ने वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए कहा कि टीम की एकजुटता और जज्बा राष्ट्रीय गौरव की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने टीम की बहुमुखी प्रतिभा का हल्के अंदाज़ में जिक्र करते हुए कहा कि “आप सभी खेल में वही करते हैं, जो राजनीति में नेता—हर भूमिका निभाते हैं।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि टीम की उपलब्धियां सिर्फ दिव्यांगजनों के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रेरणादायक हैं, और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की छवि को और ऊंचा करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।




