छत्तीसगढ़ में सर्व कुर्मी समाज का प्रांतीय महा सम्मेलन 13-14 दिसंबर को सक्ती में — संयोजक बनाए गए कृष्ण कांत चंद्रा

सक्ति
छत्तीसगढ़ स्तरीय सर्व कुर्मी समाज का प्रांतीय महा सम्मेलन एवं 23वां कुर्मी संझा का विशिष्ट अधिवेशन आगामी 13 और 14 दिसंबर को सक्ती में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा। इस दो दिवसीय सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। आयोजन की संयोजक जिम्मेदारी चंद्रनाहु (चंद्रा) समाज के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता श्री कृष्ण कांत चंद्रा को सौंपी गई है।
श्री चंद्रा सामाजिक क्षेत्र में एक अनुभवी, लोकप्रिय और संगठनात्मक दक्ष व्यक्तित्व माने जाते हैं। करीब दो दशक पूर्व वे चंद्रा समाज के अध्यक्ष और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में सक्रिय रहे हैं। उनके नेतृत्व में चंद्रा समाज को पिछड़ा वर्ग (OBC) की सूची में शामिल कराने की दिशा में निर्णायक प्रयास हुए थे। उनके कार्यकाल में समाजिक एकता, शिक्षा और रोजगार उन्नयन के कई कार्य निर्विवाद रूप से संपन्न हुए।

इसी सामाजिक योगदान और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए, सर्व कुर्मी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं दुर्ग के सांसद श्री विजय बघेल ने उन्हें इस प्रांतीय अधिवेशन का संयोजक नियुक्त किया है।
इस गरिमामयी आयोजन में छत्तीसगढ़ के सभी जिलों से संबद्ध 29 जातियों के प्रतिनिधि, समाज के प्रांतीय अध्यक्ष, पदाधिकारी और गणमान्य अतिथि शामिल होंगे। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य सामाजिक समरसता, संगठन की एकता और सर्व कुर्मी समाज की आर्थिक, सामाजिक व सांस्कृतिक प्रगति के मुद्दों पर सार्थक विमर्श करना है।
कार्यक्रम में कई आकर्षक सत्र रखे गए हैं —
समाज की वार्षिक पत्रिका ‘मिलन अंक’ का विमोचन,
युवक-युवती परिचय सम्मेलन,
सांस्कृतिक संध्या,
समाज के विशिष्ट जनों को ‘कुर्मी शिखर सम्मान’, ‘युवा प्रतिभा सम्मान’ और ‘कुर्मी गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया जाएगा।
महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए नारी शक्ति के नेतृत्व में कलश यात्रा, और युवाओं के उत्साह को दर्शाने के लिए बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।
विशेष रूप से विदेशों में निवासरत कुर्मी समाज के सदस्यों को भी इस आयोजन में आमंत्रित किया गया है, जिससे यह सम्मेलन अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी समाज की एकता का प्रतीक बने।
आयोजन की तैयारी और संचालन के लिए एक आयोजन समिति का गठन किया जा रहा है। समिति की पहली बैठक 17 नवंबर को दोपहर 2 बजे, सक्ति के चंद्रा भवन में होगी, जिसमें आयोजन की रूपरेखा, जिम्मेदारियों का वितरण और तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।




