छत्तीसगढ़

बिलासपुर एयरपोर्ट विस्तार के लिए 150 करोड़ का प्रावधान, 4C एयरपोर्ट हेतु 500 करोड़ की मांग

बिलासपुर

राज्य सरकार ने बिलासा देवी केंवट एयरपोर्ट, चकरभाठा के विस्तार के लिए अनुपूरक बजट में 150 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस पर हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति ने संतोष जताते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात कर आभार व्यक्त किया और मुख्य बजट में 4C एयरपोर्ट के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित करने की मांग रखी।

मंगलवार को विधानसभा परिसर में हुई इस मुलाकात में समिति ने ज्ञापन सौंपा। समिति सदस्य सुदीप श्रीवास्तव ने बताया कि यह मुलाकात बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल और तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह की पहल पर हुई। मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि एयरपोर्ट विस्तार के लिए सेना की जमीन प्राप्त करने को लेकर वे स्वयं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से चर्चा कर चुके हैं और यह मामला जल्द सुलझने की उम्मीद है।

समिति ने मांग की कि जमीन मिलने के बाद रनवे को 1500 मीटर से बढ़ाकर 2200 मीटर किया जाए। साथ ही 500 यात्रियों की क्षमता वाला नया टर्मिनल भवन और आधुनिक एटीसी टावर का निर्माण किया जाए। समिति का तर्क है कि जबलपुर एयरपोर्ट पर इसी तरह के कार्यों में करीब 400 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, ऐसे में बिलासपुर को 4C एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने के लिए 500 करोड़ रुपये आवश्यक हैं।

मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार की ओर से बिलासपुर एयरपोर्ट के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। वहीं विधायक अमर अग्रवाल ने महानगरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू करने का आग्रह भी रखा।

मुख्यमंत्री से मुलाकात के बाद प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा से भी भेंट कर सहयोग मांगा। इस दौरान विधायक धर्मजीत सिंह, धरमलाल कौशिक, पुन्नूलाल मोहले और सुशांत शुक्ला से भी समर्थन का आग्रह किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button