कोटा पुलिस की त्वरित कार्रवाई—नाबालिग को भगाने और दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार, पीड़िता सुरक्षित परिजनों को सौंपी गई

थाना कोटा
जिला बिलासपुर में नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। प्रार्थी ने 26 नवंबर 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। रिपोर्ट मिलते ही थाना कोटा में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती अर्चना झा तथा एसडीओपी श्रीमती नूपुर उपाध्याय के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी बसंत रात्रे (20 वर्ष), निवासी ग्राम लिम्हा थाना तखतपुर, पीड़िता को लेकर तुरकाडीह पहुंचा था।
पुलिस टीम ने दबिश देते हुए नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। आरोपी को 10 दिसंबर 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तोप सिंह नवरंग, उपनिरीक्षक मीना ठाकुर, एएसआई नहरू राम साहू, महिला आरक्षक दीपिका लोनिया, आरक्षक ओंकार नेताम एवं आरक्षक प्रफुल्ल यादव का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कोटा पुलिस ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई जारी रहेगी।




