जयपुर में रेसिंग ऑडी का कहर: 120 की रफ्तार से 16 को रौंदा, एक की मौत, 4 गंभीर घायल

जयपुर के मानसरोवर इलाके में शुक्रवार रात तेज रफ्तार ऑडी कार ने भीषण हादसा कर दिया। करीब 120 किमी/घंटा की स्पीड से रेसिंग कर रही ऑडी पहले डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में घुस गई। हादसे में 16 से ज्यादा लोग घायल हुए, जबकि एक युवक की मौत हो गई।
घटना पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र के खरबास सर्किल के पास रात करीब 9:30 बजे हुई। मौके पर करीब 50 लोग मौजूद थे। कार करीब 100 मीटर तक लोगों और ठेलों को कुचलते हुए एक पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे में 10 से ज्यादा ठेले-स्टॉल क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस के अनुसार, ऑडी कार नशे में रेसिंग कर रही थी। आरोपी ड्राइवर समेत तीन लोग फरार हैं, जिनमें एक जयपुर पुलिस का सिपाही भी बताया जा रहा है। भीड़ ने कार सवार एक युवक को पकड़ लिया। मृतक की पहचान भीलवाड़ा निवासी रमेश बैरवा के रूप में हुई है, जो फूड स्टॉल पर काम करता था।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। CCTV फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर जांच जारी है।




