
रायगढ़
छत्तीसगढ़ के सांस्कृतिक और सिनेमा जगत के लिए गर्व का क्षण है। रायगढ़ IPTA के सहयोग से बनी नॉन-फ़ीचर फ़िल्म ‘The First Film’ एक बार फिर चर्चा में है। हाल ही में रायगढ़ नवोदय विद्यालय की शिक्षक भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्र में जनरल नॉलेज के अंतर्गत सवाल पूछा गया— “द फर्स्ट फिल्म राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में स्वर्ण कमल विजेता निर्देशक कौन हैं?”
यह सवाल न केवल फिल्म की राष्ट्रीय पहचान को दर्शाता है, बल्कि रायगढ़ को समकालीन सिनेमा के मानचित्र पर मजबूती से स्थापित करता है।

दो राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित
‘The First Film’ को दो राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। यह फिल्म रायगढ़ के स्थानीय कलाकारों और लोकेशंस की खुशबू से सजी है, जिसने जिले की रचनात्मक प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। IPTA रायगढ़ के सहयोग से बनी यह फिल्म छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि और कला के प्रति समर्पण का प्रतीक मानी जा रही है।
कहानी जो सोच को चुनौती दे
फिल्म की कहानी 1960 के दशक के भारत के एक छोटे शहर में रहने वाली 14 वर्षीय लड़की के इर्द-गिर्द घूमती है, जो महिलाओं के सिनेमा देखने पर लगे सामाजिक प्रतिबंध को तोड़ने का साहस करती है। यह कहानी न केवल सिनेमा प्रेम की है, बल्कि सामाजिक बंधनों को चुनौती देने वाली एक मजबूत आवाज भी है।
IPTA रायगढ़ में खुशी की लहर
इस उपलब्धि पर IPTA रायगढ़ के सभी कलाकारों और सहयोगियों ने हर्ष व्यक्त किया है। कलाकारों का कहना है कि परीक्षा में फिल्म से जुड़ा सवाल आना यह साबित करता है कि स्थानीय सिनेमा अब शिक्षा और सामान्य ज्ञान का हिस्सा बन रहा है।
यह सफलता हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है, जो बताती है कि छोटे शहरों से भी बड़ी कहानियां और राष्ट्रीय पहचान जन्म ले सकती है।




