कोरबा

रेलवे नोटिस से दुरपा रोड में हड़कंप: 100 से ज्यादा परिवारों पर उजड़ने का खतरा, महिलाएं कलेक्ट्रेट पहुंचीं न्याय की गुहार लेकर

रेलवे विभाग ने सात दिन में मकान खाली करने का नोटिस जारी किया, क्षेत्र में फैली दहशत—स्थानीयों ने प्रशासन से मांगा पुनर्वास और मुआवजा

कोरबा

शहर के दुरपा रोड स्थित वार्ड क्रमांक 05 देवांगन पारा और इंदिरा नगर इलाके में रेलवे विभाग की नोटिस से हड़कंप मच गया है। करीब सौ से अधिक परिवारों पर बेघर होने का संकट मंडरा रहा है। रेलवे द्वारा 25 अक्टूबर को जारी नोटिस में सात दिनों के भीतर मकान खाली करने का निर्देश दिया गया था, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असमंजस की स्थिति बन गई है।

क्षेत्र की महिलाएं और पुरुष मंगलवार को बड़ी संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई। लोगों ने कहा कि वे पिछले कई दशकों से यहां रह रहे हैं और अधिकांश परिवार मजदूरी कर किसी तरह जीवन-यापन करते हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम कोरबा नियमित रूप से इन मकानों से संपत्ति कर वसूलता है, वहीं बिजली विभाग द्वारा अधिकांश घरों में मीटर भी लगाए गए हैं। कई परिवारों के पास तो जमीन की रजिस्ट्री भी मौजूद है, जिससे यह साबित होता है कि वे वैध रूप से यहां रह रहे हैं।

निवासियों ने रेलवे की कार्रवाई को एकतरफा और अन्यायपूर्ण बताया। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि बिना पुनर्वास और उचित मुआवजे की व्यवस्था के किसी भी परिवार को बेघर न किया जाए। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा कि यह मामला केवल जमीन का नहीं, बल्कि सैकड़ों गरीब परिवारों के जीवन और भविष्य का है।

लोगों ने कलेक्टर से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है ताकि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को न्याय मिल सके और उनके सिर से छत न छिने।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button